जावरा पंचायत में पेसा अधिनियम की सेक्टर स्तरीय बैठक संपन्न
ब्लॉक समन्वयक ने ग्रामीणों को दी महत्वपूर्ण जानकारी, ग्राम सभाओं की मजबूती पर दिया जोर

बैतूल। आठनेर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जावरा में अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों में विस्तार अधिनियम (पेसा) के तहत एक महत्वपूर्ण सेक्टर स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता पेसा ब्लॉक समन्वयक शिवशंकर देवहंस ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि पेसा सेल के निर्देशानुसार, ग्राम पंचायत के अंतर्गत प्रपत्र 1 से 4 तक की जानकारी एकत्रित की जानी है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत का नजरी नक्शा तैयार किया जाए, जिसमें सभी ग्रामों, फलिया और टोलों का समावेश हो। सितंबर माह के लिए मोबिलाइजर द्वारा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी ग्राम, फलिया और टोला में भ्रमण कर पेसा की जानकारी दी जानी चाहिए। यदि किसी ग्राम, फलिया या टोला में नई ग्राम सभा बनाई जा सकती है, तो उसकी जानकारी भी पंचायत को दी जाए।
मोबिलाइजर को समितियों के सदस्यों से अनौपचारिक रूप से मिलना चाहिए और प्रत्येक ग्राम सभा के अध्यक्ष की सील तैयार करवाई जाए। ग्राम सभा के लेटर हेड का निर्माण सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक ग्राम सभा का पेसा कार्यवाही रजिस्टर भी बनवाया जाए। पूर्व में गठित ग्राम सभाओं की पासबुक उनके पास होनी चाहिए और मासिक बैठकों का आयोजन नियमित रूप से किया जाना चाहिए। ग्राम सभाओं की मासिक बैठक में विशेष प्रस्तावों का पारित होना आवश्यक है और इसके साथ ही ग्राम सभा के अंतर्गत बनी सभी समितियों की मासिक बैठक भी आयोजित होनी चाहिए।
प्रत्येक ग्राम सभा के अंतर्गत ग्राम सभा कार्यालय की स्थापना होनी चाहिए, जिससे ग्रामवासियों को आवश्यक सेवाओं की जानकारी प्राप्त हो सके। ग्राम सभा की बैठकों में पारित प्रस्तावों का सही रिकॉर्ड रखा जाए, और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक ग्राम सभा माह में कितनी बार आयोजित की गई है।




