भीमपुर में पांच महान क्रांतिकारियों की मूर्ति स्थापना 1 मार्च को, 60 हजार लोगों के जुटने का दावा.
जयस के नेतृत्व में जिला स्तरीय आदिवासी सांस्कृतिक महोत्सव और विशाल महारैली की तैयारी । बिरसा मुंडा चौक से बस स्टैंड तक निकलेगी महारैली, पुलिस ग्राउंड में होगा सांस्कृतिक आयोजन । बैठक में आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की बनाई योजना।

बैतूल। भीमपुर में 1 मार्च को पांच महान क्रांतिकारियों की मूर्ति स्थापना, विशाल महारैली और जिला स्तरीय आदिवासी सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस सरकार) के जिला अध्यक्ष संदीप धुर्वे के नेतृत्व में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रूपरेखा तैयार की गई।
आयोजन के तहत वीरांगना महारानी दुर्गावती, भगवान बिरसा मुंडा, क्रांतिकारी सरदार विष्णु सिंह गोंड, क्रांतिकारी गंजन सिंह कोरकू और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम बैतूल की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 50 से 60 हजार लोगों की उपस्थिति अपेक्षित है। देश के विभिन्न हिस्सों से आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
विशाल महारैली बिरसा मुंडा चौक, आदर्श पिपरिया से प्रारंभ होकर बस स्टैंड भीमपुर तक पहुंचेगी। प्रतिमा स्थापना के बाद पुलिस ग्राउंड भीमपुर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक उद्बोधन आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का स्वागत-सम्मान, आदिवासी सांस्कृतिक नृत्य, सामाजिक चिंतन और लोक कलाकारों द्वारा लाइव आर्केस्ट्रा प्रस्तुति दी जाएगी। जिसमें प्रियांशी भलावी, ममता उइके, विशाल काकोड़िया और शिवम इरपाचे प्रस्तुति देंगे। आयोजकों ने समस्त एसटी, एससी और ओबीसी संगठनों सहित आमजन से कार्यक्रम में सुबह 11 बजे बस स्टैंड भीमपुर में उपस्थित होने की अपील की है।




