ग्लोबल पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस का आयोजन
विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

बैतूल। शंकर वार्ड स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पूजन के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। विशेष रूप से, कई छात्र-छात्राएं शिक्षक की वेशभूषा में आए और उन्होंने कक्षाओं का संचालन भी किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं। कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे, नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शिक्षकों का तिलक कर और श्रीफल देकर सम्मान किया। बच्चों ने शिक्षकों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद भी लिया। स्कूल के संचालक भारत झरिया ने इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षा ही वह गुण है जिससे समाज में सम्मान प्राप्त होता है और यही प्रतिभा को निखारती है। श्री झरिया ने स्कूल के शिक्षकों की कड़ी मेहनत, छात्रों के प्रति उनके समर्पण और लगन की सराहना की। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी। प्राचार्य श्रीमती प्रणाली चिठोरे ने भी इस अवसर पर छात्रों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और जीवन में शिक्षक के महत्व को समझाया। इसके बाद, सभी शिक्षकों ने भाषण, गाने, और कविताओं के माध्यम से शिक्षक दिवस पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रणाली चिठोरे, संचालक भारत झारिया, समस्त शिक्षक स्टाफ, और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




