Heavy Rain : बंगाल की खाड़ी में अवदाब का बैतूल में असर, सतपुड़ा जलाशय के तीन गेट खोले

file foto

Heavy Rain : बैतूल। बंगाल की खाड़ी में अवदाब का क्षेत्र बनने के कारण मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। जिले में एक बार फिर से झमाझम वर्षा हो रही है। शनिवार रात्रि से जिले में वर्षा का दौर शुरू हुआ था।

रविवार को दोपहर बाद गरज-चमक के साथ विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। रविवार को तेज वर्षा के कारण सारनी के सतपुड़ा जलाशय में जल स्तर तेजी से बढ़ गया। इस वजह से रविवार शाम 7.30 बजे जलाशय के तीन गेट दो फीट की ऊंचाई से खोल दिए गए हैं। इन गेटों से 5384.25 क्यूसेक पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है।

मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में अवदाब का क्षेत्र रविवार को उत्तरी आंध्र प्रदेश एवं उससे लगे दक्षिणी ओडिशा पर पहुंच रहा है। मानसून द्रोणिका वर्तमान में अरब सागर में बने तूफान से नलिया, मालेगांव, ब्रह्मपुरी, जगदलपुर, कलिंगपटनम से होते हुए बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के क्षेत्र तक बनी हुई है। एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इसके अतिरिक्त दक्षिणी गुजरात से लेकर केरल तक अपतटीय द्रोणिका बनी हुई है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अवदाब के प्रभाव से रविवार से प्रदेश के अधिकतर जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।बैतूल जिले में इस सीजन में एक सितंबर को सुबह आठ बजे तक 881.2 मिमी वर्षा हो चुकी है। बैतूल विकासखंड में 867.8 मिमी, घोड़ाडोंगरी में 1006 मिमी, चिचोली में 1011.9, शाहपुर में 1017.6, मुलताई में 644.3, प्रभात पट्टन में 787.5, आमला में 947, भैंसदेही में 836, आठनेर में 585, भीमपुर में 1111.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इस अवधि में 718.9 मिमी वर्षा हुई थी।रविवार को वर्षा के कारण बाजार में दुकानदारों और खरीदी करने वालों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button