सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरा में हुआ कायाकल्प मूल्यांकन
गुणवत्ता सुधार के लिए टीम ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

बैतूल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरा में 28 अगस्त को कायाकल्प समक्ष मूल्यांकन का भौतिक सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया का नेतृत्व प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. केदार सिंह जाटव के मार्गदर्शन में किया गया। जिला खंडवा, मध्य प्रदेश से आई एम.एच. कोऑर्डिनेटर कुमारी रचना ओड ने इस मूल्यांकन में अहम भूमिका निभाई, जहां उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और गुणवत्ता सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कुमारी रचना ओड को अपने सहयोग से पूरी तरह संतुष्ट किया, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली और सेवाओं में और अधिक सुधार की दिशा में कदम उठाए जा सकें। इस मूल्यांकन का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं को और बेहतर बनाना और मरीजों को उच्चस्तरीय सेवा प्रदान करना है। मूल्यांकन के दौरान अस्पताल की भौतिक स्थिति, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, और मरीजों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं की गहन जांच की गई। कुमारी रचना ओड ने अस्पताल की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए ताकि आने वाले समय में मरीजों को और बेहतर सेवाएं मिल सकें।




