Demand to give fifth time scale pay scale: प्रदेश के अधिकारी और कर्मचारियों को पांचवा समयमान वेतनमान देने की मांग 

अजाक्स ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, शासकीय सेवकों के हित में बड़ा कदम उठाने की अपील

बैतूल। मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) ने प्रदेश के शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों के लिए पांचवा समय मान वेतनमान स्वीकृत करवाने को लेकर आमला विधानसभा क्षेत्र के विधायक योगेश पंडागरे को ज्ञापन सौंपा। अजाक्स के जिला अध्यक्ष अनिल कापसे ने बताया कि इससे प्रदेश के लगभग साढ़े सात लाख अधिकारी और कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में मध्य प्रदेश के शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों को 10, 20, 30 और 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ समय मान वेतनमान का लाभ दिया जा रहा है। संपूर्ण प्रदेश में ऐसे अधिकारी और कर्मचारी हैं जिन्होंने 40 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण कर ली है। इन अधिकारी कर्मचारियों को यदि पांचवा समय मान वेतनमान का लाभ दिया जाता है तो शासन पर नाम मात्र का आर्थिक बोझ आएगा। अजाक्स के जिला अध्यक्ष अनिल कापसे ने कहा, अगर शासन पांचवा समय मान वेतनमान लागू करता है तो इससे प्रदेश के साढ़े सात लाख अधिकारी और कर्मचारियों को पात्रता अनुसार लाभ प्राप्त होगा। यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा जिससे कर्मचारियों की सेवा के अंतिम वर्षों में आर्थिक स्थिरता और संतोष मिलेगा।

— विधायक योगेश पंडागरे ने दिया आश्वासन– 

विधायक योगेश पंडागरे ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा, मैं प्रदेश के अधिकारी और कर्मचारियों की इस जायज मांग को लेकर पुरजोर प्रयास करूंगा। मुख्यमंत्री के समक्ष यह मांग रखूंगा ताकि इस पर जल्द से जल्द निर्णय लिया जा सके। विधायक ने आगे कहा, हमारे प्रदेश के अधिकारी और कर्मचारी हमारी प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके हितों की रक्षा और उनकी मांगों को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। मैं इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाऊंगा और पूरी कोशिश करूंगा कि यह मांग जल्द से जल्द पूरी हो। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष अनिल कापसे सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button