RTO Took Action : यात्री बस की छत से टपक रहा था पानी, शिकायत मिलने पर आरटीओ ने निरस्त किया फिटनेस

RTO Took Action: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में निजी यात्री बस संचालक ने बस की छत के क्षतिग्रस्त होने से पानी टपकने के बाद भी सुधार होने तक संचालन बंद नही किया। बारिश होने पर यात्रियों की सीट पर छत से पानी टपकने लगा तो उन्होंने वीडियो बनाकर आरटीओ से शिकायत कर दी।
आरटीओ ने शिकायत सही पाए जाने पर बस का फिटनेस ही निरस्त कर दिया और बस मालिक को नोटिस जारी किया है। बस मालिक से तीन दिन में जवाब मांगा है और संतोषजनक उत्तर ना मिलने पर बस का परमिट निरस्त कर दिया जाएगा।
आरटीओ अनुराग शुक्ला ने बताया कि राजधानी कंपनी की बस क्रमांक एमपी 48 पी 0246 बैतूल से बोरदेही चलती है। इसमें यात्रियों को छत से पानी टपकते हुए परिवहन करना पड़ रहा था। शिकायत मिलने पर उसकी जांच कराई जिसमें सही पाए जाने पर तत्काल ही बस का फिटनेस निरस्त कर दिया। बस मालिक सुरेंद्र दवंडे निवासी आमला को नोटिस भी जारी कर दिया गया है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि असुविधा एवं असुरक्षित परिवहन के कारण उनका क्यों ना परमिट निरस्त कर दिया जाए ? नोटिस प्राप्ति के तीन दिवस के अंदर संतोषप्रद जवाब प्राप्त ना होने पर एक पक्षीय कार्यवाही करते हुए परमिट निरस्त किया जाएगा।
आरटीओ श्री शुक्ला ने बताया कि यात्री बसों के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिवहन विभाग को अगर इस तरह की कोई भी शिकायत मिलेगी तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बस मालिकों को इस ओर ध्यान देना चाहिए कि उनकी बस में यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा ना हो। इसके अलावा परिवहन सुरक्षित रूप से कराया जाए।




