malaria disease control campaign: शाहपुर और प्रभातपट्टन में दो चरणों में होगा मलेरिया रोग नियंत्रण अभियान
भोपाल से मिले निर्देश, मलेरिया रोकथाम के लिए होम्योपैथिक दवाओं का होगा वितरण

बैतूल। आयुष विभाग ने “मलेरिया रोग नियंत्रण” अभियान 2024 के तहत एक व्यापक योजना का शुभारंभ किया है। आयुष आयुक्त, संचालनालय के निर्देशानुसार और डॉ. योगेश चौकीकर, प्र.जिला आयुष अधिकारी बैतूल के मार्गदर्शन में यह अभियान मलेरिया प्रभावित ब्लॉक शाहपुर और प्रभातपट्टन में दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है।
मलेरिया ऑफ-200 के नोडल ऑफिसर डॉ.अरविंद मोहने, डॉ.राजेश जाधव ने जानकारी देते हुए बताया इस अभियान का प्रथम चरण जुलाई-अगस्त 2024 में आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 18 जुलाई, 25 जुलाई और 1 अगस्त को होम्योपैथी रोग प्रतिरोधक औषधि “मलेरिया ऑफ-200” की एक-एक खुराक (6-6 गोलियाँ) वितरित की जाएगी। द्वितीय चरण अगस्त-सितम्बर 2024 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 22 अगस्त, 29 अगस्त और 5 सितम्बर को औषधि की खुराक वितरित की जाएगी।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि, यह अभियान मलेरिया की रोकथाम और इसके प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम है। शाहपुर और प्रभातपट्टन जैसे प्रभावित क्षेत्रों में यह कदम विशेष रूप से अहम है, जहां मलेरिया का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। डॉ. योगेश चौकीकर का कहना है, मलेरिया रोकथाम के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है और हम उम्मीद करते हैं कि इससे प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया के मामलों में कमी आएगी। डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया आयुष विभाग की इस पहल को स्थानीय स्तर पर व्यापक समर्थन मिल रहा है और जनता में इस अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान के सफलतापूर्वक संपन्न होने से मलेरिया के संक्रमण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।




