Bamboo Pit Viper Snake : ब्रह्म कमल की पत्ती पर लिपटा हुआ था बंबू पिट वाइपर सांप, दहशत में आए लोग

मध्यप्रदेश के सारनी में नजर आया बंबू पिट वाइपर सांप, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

Bamboo Pit Viper Snake : घर में लगे ब्रम्हकमल के पौधे में कितनी कलियां लग गईं हैं यह देखने के लिए जब मध्यप्रदेश के सारनी में मठारदेव कालोनी निवासी मिलिंद सहारे पहुंचे ताे उन्हें पत्ती में हरे रंग का सांप लिपटा हुआ नजर आया।सांप देखकर वे दहशत में आ गए क्योंकि उनकी नजर नहीं पड़ती तो वे पत्ती के रंग के समान होने के कारण उसे छू लेते।

बेहद फुर्तीला , खतरनाक सांप घर के बगीचे में पहुंच जाने के कारण उन्होंने तत्काल ही सतपुड़ा बायोडायवर्सिटी कंजर्वेशन सोसायटी के अध्यक्ष आदिल खान को सूचना दी। आदिल ने मौके पर पहुंचकर देखा ताे वह बंबू पिट वाइपर (सांप) था। आदिल ने बताया कि यह सांप आर्बरियल होता है यानी पेड़ों पर रहने वाला सांप है। यह सांप विषैला होता है और हरा होने की वजह से वृक्षों पर विशेष रूप से बांस पर इसे देख पाना भी मुश्किल होता है। इस सांप की आंख और नाक के बीच गर्मी महसूस करने वाले गड्ढे होते हैं। हालांकि यह आम तौर पर बांस के पेड़ों और जंगलों के अंदर जल निकायों के पास पाए जाते हैं।

Bamboo Pit Viper Snake :

सतपुड़ा मेलघाट टाइगर कारिडोर से सटे क्षेत्र में है जैव विविधता:

आदिल खान ने बताया कि मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड की मठारदेव कालोनी बिल्कुल जंगल और सतपुड़ा मेलघाट टाइगर कॉरिडोर से लगी हुई है। इसलिए यह सांप कालोनी में पहुंच गया। इस सांप का यहां मौजूद होना हमारे क्षेत्र की प्राचीन व समृद्ध जैव विविधता को दर्शाता है। इस सांप के काटने से संक्रमण, अंग-विच्छेदन और तीव्र सूजन के साथ गंभीर और असहनीय दर्द हो सकता है।

Bamboo Pit Viper Snake :

यह वाइपर गेको, छिपकलियों, चूहों, छोटे पक्षियों और अन्य छोटे जीवों को खाना पसंद करते हैं। रात में यह सक्रिय रहते हैं। धीरे-धीरे एक साख से दूसरी साख पर घूमता है या कभी-कभी बांस के पेड़ों के पास धाराओं के पास चट्टानी सतहों पर कुंडली मारकर बैठ जाता है। खतरा महसूस होने पर यह सांप अपनी पूंछ को भी हिलाता है।

Bamboo Pit Viper Snake :

आदिल ने बताया यह सांप दक्षिणी मध्यप्रदेश के पहाड़ों पर पाए जाते हैं, लेकिन कम ही देखने को मिलते हैं। वर्ष 2019 में एक वयस्क बंबू पिट वाइपर सांप को सारनी वन परिक्षेत्र के जंगल में हमने देखा था, जब इसे क्षेत्र में पहली बार देखा गया था। वर्ष 2021 में बैतूल के एक घर से भी उक्त प्रजाती के सांप को रेस्क्यू किया गया था। पिछले साल सारनी के पास मौजूद एक सड़क पर उक्त प्रजाति का सांप कुचला हुआ मिला था। इससे यह अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है कि बंबू पिट वाइपर सारनी क्षेत्र में मौजूद हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button