Blind Murder : प्लास्टिक के बोरे में हाथ-पैर बंधी मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका

Blind Murder : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शुक्रवार को चिचोलाढाना गांव के पास प्लास्टिक के बोरे में हाथ-पैर बंधी हुई हालत में युवक की लाश पड़ी मिली है। शव करीब पांच से छह दिन पुराना हो गया है जिससे दुर्गंध फैल रही थी। सूचना मिलने पर झल्लार थाना पुलिस माैके पर पहुंची और बोरे को खोलकर देखा तो उसमें लाश पाई गई।
झल्लार के थाना प्रभारी मनोज उईके ने बताया कि ग्राम पंचायत मच्छी के चिचोला ढाना गांव के पास एक पुलिया के नीचे अज्ञात युवक का शव बोरे में पाया गया है।पांच-छह दिन पुराना शव होने के कारण चमड़ी गल गई थी और बदबू चल रही थी। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
आशंका है कि अज्ञात लोगों ने युवक की हत्या कर शव को बोरे में भरकर गांव के पास में फेंक दिया होगा। मृतक के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस ने आसपास के थानों में सूचना देकर गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल शुरू कराई है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष होने की संभावना है। उसे रस्सी से बुरी तरह से बांधा गया और उसके बाद बोरे में बंद कर पुलिया के नीचे फेंका गया है।




