Betul news: भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं, कांग्रेस चला रही भाजपा: कामरेड कुन्दन राजपाल

बैतूल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं होने का आरोप लगाते हुए, कामरेड कुन्दन राजपाल ने कहा कि पार्टी अब कांग्रेस नेताओं के सहारे चल रही है। राजपाल ने हाल ही में सम्पन्न विधान सभा और लोक सभा चुनावों का उदाहरण देते हुए बताया कि कांग्रेस और अन्य पार्टियों के नेताओं की भाजपा में शामिल होने की होड़ मच गई है।
कामरेड कुन्दन राजपाल ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की भाजपा में कोई पूछ परख नहीं हो रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान छिंदवाड़ा में गृह मंत्री अमित शाह के वाहन से पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना को उतार दिया गया और भोपाल में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी को मंच से उतार दिया गया।
— कांग्रेस के नेताओं की भाजपा में बेइज्जती–
कुन्दन राजपाल ने कहा, जो लोग अपनी पार्टी (कांग्रेस) के नहीं हुए, वे भाजपा के कैसे हो सकते हैं। ये लोग अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेंकने के लिए भाजपा में आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूरे देश में यात्राएं कर पार्टी को मजबूती दिलाई और विपक्षी दलों को एकजुट कर भाजपा का मुकाबला किया।
— गठबंधन की चूक–
कामरेड कुन्दन राजपाल ने कहा कि यदि चुनाव से चार महीने पूर्व गठबंधन और सीटों का समझौता हो जाता, तो विपक्ष इंडिया गठबंधन की मजबूत सरकार बन सकती थी। लेकिन, अन्य दलों की असमझी, हठधर्मी और राहुल गांधी की क्षमता को कम आंकने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। राजपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का घमंड टूट चुका है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर की गई असभ्य टिप्पणियों की निंदा की और कहा कि देश की जनता ने जागरूकता दिखाई और जहाँ विपक्ष मजबूत था, वहाँ भाजपा को हराया।
— कांग्रेस को सुधार की जरूरत–
राजपाल ने कांग्रेस पार्टी को सलाह दी कि जिन प्रदेशों में कांग्रेस की हार हुई है, वहाँ अवसरवादी और बिकाऊ लोगों को पार्टी से बाहर कर, ईमानदार और कर्मठ लोगों को जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए। संगठन को फिर से संगठित करने की जरूरत है ताकि पार्टी को मजबूती मिल सके।




