Ground Vibration : ताप्ती नदी के किनारे के गांव में कंपन से दहशत, मकानों में आई दरार

Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में ताप्ती नदी के किनारे ग्राम पंचायत सराड़ के मोड़ीढाना में मंगलवार दोपहर में तेज कंपन्न महसूस किया गया। इससे दहशत में आकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। कुछ मकानों की दीवारों में दरार भी आ गई है। ग्रामीण भूगर्भीय हलचल से बेहद चिंतित हो रहे हैं।

ग्राम खेड़ी सांवलीगढ़ निवासी मनोहर अग्रवाल ने बताया कि विकासखंड बैतूल की ग्राम पंचायत सराड़ में आने वाले मोड़ीढाना गांव में करीब बीस मकान हैं।मंगलवार को दोपहर में अचानक तेज कंपन्न महसूस हुआ तो सभी लोग घर से बाहर निकल आए।
ग्राम के अशाेक यादव, परसराम यादव, सुंदर यादव ने बताया कि ऐसा महसूस हुआ कि धरती डोलने लगी है । हमें लगा भूकंप आ गया है तो घर के बाहर निकलकर भाग गए। दोपहर करीब 12.30 बजे कुछ सेंकंड के लिए धरती में हुए कंपन्न के कारण लोग शोर मचाते हुए घर से बाहर आए। जब घर में गए तो देखा कि मकानों की दीवार में दरार पड़ गई वहीं कुछ मकानों की छत पर डाली गई सीमेंट की शीट भी सरक गई हैं।
प्रशासन करा रहा जांच:
ग्रामवासियों ने प्रशासन से इसकी गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। एसडीएम बैतूल राजीव कहार ने बताया कि सूचना मिली है कि गांव में कंपन्न महसूस किया गया था और कुछ मकानों की दीवारों में दरार भी आई है। इसकी जांच के लिए तहसीलदार को मौके पर भेजा गया है।
स्टोन क्रशर के विस्फोट से कंपन्न की आशंका:
बताया जा रहा है कि ताप्ती नदी के आसपास स्टोन क्रशर में ब्लास्टिंग की जाती है जिससे कंपन हुआ होगा। अब प्रशासन को जांच करना है कि कितनी क्षमता का विस्फोट करने की अनुमति है और कितना हो रहा है। यदि क्षमता से अधिक विस्फोटक का उपयोग हो रहा है तो इस पर रोक लगानी चाहिए ताकि गांवों के मकानों को क्षति ना हो।




