Big Accident: बैतूल इंदौर हाईवे पर वाहन दुर्घटना में घायलों की मदद कर रहे लोगों को जीप ने रौंदा, दो की मौत, सात घायल

Big Accident: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल इंदौर हाईवे पर दनोरा गांव के पास वाहन दुर्घटना में घायलों की मदद कर रहे लोगों को टवेरा जीप ने रौंद दिया। गंभीर चोट आने से दो लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे बैतूल इंदौर हाईवे पर डीजे वाहन पलट गया। गांव के लोग और राहगीर दुर्घटना में घायलों की मदद करने के लिए एकत्र हो गए। इसी दौरान खेड़ी सांवलीगढ़ की ओर से तेज रफ्तार से आई टवेरा जीप क्रमांक एमपी 04 टीए 3084 ने सड़क पर खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर में दनोरा गांव के बाबाराव पिता संपतराव सोनारे 50 वर्ष और पंकज पिता रामप्रसाद मासोदकर 24 वर्ष निवासी दनोरा की मौत हो गई। सात घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों में आशीष मर्सकोले, अजय मर्सकोले, अशोक, राजा सरले, अरुण उइके, पवन धुर्वे सहित अन्य शामिल हैं।
घायलों ने बताया कि वे डीजे वाहन पलटने से घायल हुए लोगों की मदद कर रहे थे तभी टवेरा जीप ने सड़क पर खड़े लोगों को टक्कर मार दी। जीप की रफ्तार इतनी थी कि लोगों को टक्कर मारते हुए करीब 50 फीट दूर तक ले गई। गंभीर चोट आने से दो लोगों की मौत हो गई।
डीजे वाहन पलटने से दब गए थे दो लोग:
थावड़ी गांव निवासी पवन धुर्वे, अरविंद उइके और अजय धुर्वे शादियों में डीजे बजाने का काम करते है। गुरुवार को बोरगांव की एक शादी में डीजे लेकर गए थे। बोरगांव से पिकअप में डीजे लेकर गांव थावड़ी लौट रहे थे। इंदौर- बैतूल फोरलेन पर दनोरा गांव के पास पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
पिकअप पलटने से पवन और अरविंद डीजे के नीचे दब गए। दनोरा के ग्रामीण उनकी मदद करने के लिए आए। ग्रामीणों ने पवन और अरिवंद को डीजे के नीचे से निकालकर बाइक पर जिला अस्पताल के लिए रवाना किया। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही टवेरा के चालक ने ग्रामीणों को कुचल दिया।
कोतवाली टीआई देवकरण डेहरिया ने मीडिया को बताया कि टवेरा चालक मौके से फरार हो गया। टवेरा जब्त कर चालक की तलाश शुरु कर दी है।




