50 Karanja plants planted in Ram Van Bharkawadi: राम वन भरकावाडी में लगाए 50 करंज के पौधे
अखिल विश्व गायत्री परिवार, पर्यावरण गतिविधि मध्य भारत प्रांत और जन अभियान परिषद ने चलाया अभियान

बैतूल। जिले में पर्यावरण संरक्षण के प्रयास अब जनआंदोलन का रूप लेते दिख रहे हैं। गांवों की शासकीय और खाली जमीनों पर सामूहिक रूप से पौधारोपण किया जा रहा है। राम वन भरकावाडी इसका ताजा उदाहरण बना, जहां करंज के पौधों से हरियाली का बीजारोपण हुआ।
राम वन भरकावाडी में रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार, पर्यावरण गतिविधि मध्य भारत प्रांत और जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 50 करंज के पौधों का रोपण किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयासों का बेहतरीन उदाहरण बना।
जिला पर्यावरण प्रभारी अमोल पानकर ने कहा कि हमारे आस-पास की शासकीय व खाली भूमि पर यदि लोग संगठित होकर पौधे लगाएं और उनका संरक्षण करें, तो वातावरण को प्रदूषण मुक्त और हराभरा बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हरियाली की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
इस अवसर पर युवा उद्योगपति विवेक शुक्ला ने कहा कि यदि प्रत्येक ग्राम पंचायत ठान ले तो गांव की सैकड़ों एकड़ खाली जमीन को ग्रामीणों के सहयोग से हरियाली में बदला जा सकता है। जन अभियान परिषद के प्रतिनिधि आशीष कोकने ने बताया कि परिषद पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है और अब इसके परिणाम स्पष्ट तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में दिख रहे हैं। ग्रामीणों में जागरूकता आई है और संगठन के साथ मिलकर वे भी इस कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
पौधारोपण अभियान में जिला सह संयोजक विक्रम ईथापे, जिला पेड़ प्रमुख पंकज लोणारे, जल प्रमुख विट्ठलराव चरपे, धर्मेंद्र खवसे, प्रदीप लोणारे, सरपंच मोहन सातपुते, रवि दौड़के, सुनील ठानेकर और अजय सातपुते की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।





