170 tins were stolen from the district hospital: अस्पताल से चोरी हो गए 170 टीन, ठेकेदार ने एसपी से की शिकायत

बैतूल। जिला अस्पताल को डिस्मेंटल करने का ठेका लेने वाले ठेकेदार के लिए यह काम शुरू होने से पहले ही सिरदर्द बन गया। 4.55 लाख रुपए में ठेका लेने वाले ठेकेदार देवराज मिश्रा जब अस्पताल पहुंचे, तो वहां पहले से लगे टीन सुरक्षित थे, लेकिन कुछ दिनों बाद जब दोबारा पहुंचे, तो 150 से 170 टीन गायब मिले।

चोरी की यह वारदात सामने आते ही ठेकेदार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की है। मिश्रा का कहना है कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग से ठेका लिया था, जिसका ऑर्डर 20 मार्च को जारी हुआ था। इसके तहत उन्हें जिला अस्पताल का डिस्मेंटलिंग कार्य करना था।

ठेकेदार देवराज मिश्रा के अनुसार, 10 मार्च को जब वे पहली बार अस्पताल परिसर गए थे, तब वहां बिल्डिंग में टीन मौजूद थे। लेकिन 24 मार्च को जब वे दोबारा पहुंचे, तो वहां से लगभग 150-170 टीन गायब हो चुके थे।

इस चोरी की शिकायत उन्होंने एसपी के अलावा कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, और कोतवाली थाना प्रभारी से भी की है। अस्पताल परिसर में हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यह परिसर 24 घंटे सक्रिय रहता है, सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं फिर भी इतनी बड़ी संख्या में टीन कैसे चोरी हो गए यह जांच का विषय है। ठेकेदार ने एसपी से अनुरोध किया है कि जल्द से जल्द इस मामले की जांच कर चोरों का पता लगाया जाए। यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो चोरी का यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button