सरकार असंवैधानिक नीतियों के जरिए आडंबर को बढ़ावा दे रही: दामोदर यादव।

आजाद समाज पार्टी कांशीराम की बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला। प्रदेश दौरे के दौरान बालाघाट-सिवनी-छिंदवाड़ा से होते हुए बैतूल पहुंचे राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य।

बैतूल। आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव और प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही प्रदेश दौरे के दौरान बैतूल पहुंचे, जहां सुरक्षा के बीच कुणाल रेस्टोरेंट में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई और मीडिया को संबोधित किया गया। बैठक में संगठन की रणनीति, विस्तार और मौजूदा राजनीतिक हालातों पर विस्तार से चर्चा की गई।

दामोदर यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार असंवैधानिक नीतियों के जरिए आडंबर को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र जैसे पाखंडियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और देश के समग्र विकास जैसे मुद्दों पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की बात तो की जाती है, लेकिन महिलाओं के सम्मान के मामलों में गंभीरता नहीं दिखाई देती।

उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज के कथित अपमान को गंभीर बताते हुए माफी की मांग की और चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो संगठन महापुरुषों के सम्मान में आंदोलन करने को बाध्य होगा।

प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही ने कहा कि आजाद समाज पार्टी कांशीराम मानवतावादी विचारधारा की पार्टी है, जिसमें पाखंडवाद और मनुवादी सोच के लिए कोई स्थान नहीं है। मीडिया के सवालों पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी को न मनुवादियों की आवश्यकता है और न ही उनके वोटों की, बहुजन समाज ही संगठन के लिए पर्याप्त है।

मध्यप्रदेश कोर कमेटी सदस्य पंकज अतुलकर ने बताया कि दामोदर यादव और सत्येंद्र विद्रोही बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए बैतूल पहुंचे हैं। यहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और बैठक व प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने उद्देश्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

भीम आर्मी के संभागीय संयोजक महेंद्र काशिव मेहरा ने पाढर निवासी ज्योति मोहबिया के मामले को उठाते हुए बताया कि 22 मार्च को पीएचई विभाग हरदा में पदस्थ सब इंजीनियर ज्योति मोहबिया ने मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकर्मी और विभागीय ठेकेदार द्वारा प्रताड़ना दी गई, लेकिन पुलिस ने मामले में लीपापोती की। उन्होंने चेतावनी दी कि संगठन इस मामले में न्याय के लिए बड़ा आंदोलन करेगा।

कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष रम्मू पाटिल, अलीमुद्दीन और ललित चौहान ने मीडिया और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इसके बाद दामोदर यादव अपने काफिले के साथ नर्मदापुरम के लिए रवाना हुए। बैठक में वीरेन्द्र कापसे, सिद्धार्थ लोखंडे, रवि अतुलकर, महफूज खान, रितेश जावलकर, राजकुमार बर्डे, नाजिद खान, अमन गोरस्कर, प्रकाश निरापुरे, रवि सिंगारे, मनोज नागले, प्रवीण अतुलकर, आर्यान्श, कुलदीप वागद्रे, सचिन पाटिल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button