रक्षाबंधन पर बहनें भाइयों से भरवाएंगी नशामुक्ति और नारी गरिमा का संकल्प पत्र

बैतूल। रक्षाबंधन पर्व को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा जिले में विशेष जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान में बहनें भाइयों से केवल रक्षा का वचन नहीं, बल्कि नशामुक्त जीवन जीने और नारी गरिमा एवं सम्मान की रक्षा करने का संकल्प भी लेंगी। गायत्री परिवार के जिला समन्वयक रविशंकर पारखे ने बताया कि अभियान के तहत जिले में 10 हजार संकल्प पत्र वितरित किए गए हैं।

अभियान के दौरान बहनें भाइयों को शराब, तंबाकू, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाएंगी। साथ ही प्रत्येक भाई से नारी सम्मान, सुरक्षा और गरिमा बनाए रखने का संकल्प पत्र भरवाया जाएगा।

गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास का पर्व है। इसी भावना को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए बहनों के माध्यम से भाइयों को नशामुक्त और संस्कारवान जीवन जीने का संदेश दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य परिवार और समाज को नशे की बुराई से मुक्त कर स्वस्थ, संस्कारित और सम्मानपूर्ण वातावरण का निर्माण करना है। गायत्री परिवार ने अधिक से अधिक बहनों और भाइयों से अभियान में सहभागी बनने तथा नशामुक्त परिवार, नारी सम्मानित समाज के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button