हिवरखेड़ स्कूल के बच्चों को जिला पंचायत सदस्य ने वितरित किए बैग

जर्जर भवन और बदहाल शौचालय देख जिला पंचायत सदस्य ने जताई नाराजगी, व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

बैतूल। विकासखंड प्रभात पटन की ग्राम पंचायत हिवरखेड़ स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े एवं ग्राम पंचायत हिवरखेड़ की उपसरपंच डॉ. मीना गव्हाड़े ने स्कूली बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर बच्चों से पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली।

स्कूल भ्रमण के दौरान स्कूल भवन के जर्जर होने और शौचालयों की कमी की स्थिति सामने आई। जो शौचालय उपलब्ध हैं, उनमें से कई उपयोग योग्य नहीं पाए गए। प्राथमिक स्कूल में पानी की शीघ्र व्यवस्था कराने के लिए पंचायत सचिव को निर्देशित किया गया। वहीं कक्षा-कक्षों में बंद पड़े पंखों को दुरुस्त कर चालू कराने के लिए भी कहा गया।

उपसरपंच डॉ. मीना गव्हाड़े ने बच्चों से कहा कि विगत दिनों कक्षा में भ्रमण के दौरान उन्होंने देखा कि बच्चों को पढ़ाई की सामग्री लाने में परेशानी होती है। कई बच्चे पॉलीथिन या हाथ में किताब-कापियां लेकर स्कूल आते हैं। इसी समस्या को देखते हुए बच्चों को स्कूल बैग उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बच्चों से प्रतिदिन बैग में अपनी पढ़ाई की सामग्री लेकर स्कूल आने और नियमित पढ़ाई करने की अपील की। साथ ही कहा कि पढ़ाई की सामग्री में किसी प्रकार की कमी हो तो उन्हें बताएं, वह सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगी। इस अवसर पर रमेश गव्हाड़े, स्कूल के भोजराज झोड़, संजय पाठक, हरिराम चरपे, राजेश पवार, शिवशंकर माकोडे, नीता सुवागपुरे, वंदना धोटे, संगीता गलफट सहित शिक्षकगण एवं स्कूल के बच्चे उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button