संत रामपाल महाराज की अन्नपूर्णा मुहिम से चार गांवों को मिली सार्वजनिक भवनों की सौगात
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने किया निर्माण कार्यों का लोकार्पण, उमरवानी, ठानी, झिरनाढाणा और रावणबाड़ी में बने सार्वजनिक भवन

बैतूल। संत रामपाल महाराज द्वारा संचालित अन्नपूर्णा मुहिम के तहत बैतूल जिले की ग्राम पंचायत बांसपनी और ग्राम पंचायत सिल्लौट के अंतर्गत चार सार्वजनिक निर्माण कार्य पूरे किए गए। इनमें दो गांवों में ग्रामीणों की बैठकों के लिए टीन शेड की चौपाल, एक गांव में पक्का सार्वजनिक भवन और दूसरे गांव में बच्चों की पढ़ाई के लिए आंगनवाड़ी भवन शामिल है। चारों भवनों का लोकार्पण बैतूल (पाढर) भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदन यादव ने ग्रामवासियों और सरपंचों की उपस्थिति में किया।
मुहिम के तहत ग्राम पंचायत बांसपनी के ग्राम उमरवानी में ग्रामीणों की बैठक के लिए 15×25 फीट का सार्वजनिक टीन शेड बनाया गया है। इसी पंचायत के ग्राम ठानी में भी 15×25 फीट का सार्वजनिक टीन शेड निर्मित किया गया है। इन दोनों चौपालों का उपयोग ग्रामवासी सामूहिक बैठकों और अन्य सार्वजनिक गतिविधियों के लिए कर सकेंगे।
इसी तरह ग्राम पंचायत सिल्लौट के ग्राम झिरनाढाणा में 16×27 फीट का पक्का सार्वजनिक भवन बनाकर ग्रामीणों को सौंपा गया। भवन में दो पंखे और संपूर्ण लाइट फिटिंग की व्यवस्था की गई है। ग्राम रावणबाड़ी में बच्चों की पढ़ाई के लिए 26×22 फीट का पक्का आंगनवाड़ी भवन तैयार कराया गया है। इसमें भी पंखे और संपूर्ण लाइट फिटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इन चारों निर्माण कार्यों का लोकार्पण भाजपा मंडल अध्यक्ष नंदन यादव ने किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बूथ प्रभारी भीमराव वामनकर, ग्राम पंचायत बांसपनी के सरपंच सोनू उइके, उपसरपंच टीकाराम यादव, ग्राम पंचायत सिल्लौट के सरपंच मोंटू उइके और सचिव रामकिशोर झरबड़े सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।





