जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े नेरगड़गांव-मोरंड में किया शिक्षा संजीवनी अभियान का शुभारंभ

बैतूल। दूरदराज के शासकीय स्कूलों में सुविधाओं और शैक्षणिक संसाधनों की कमी दूर कर शिक्षा का स्तर बेहतर करने के उद्देश्य से शिक्षा संजीवनी अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश शासन द्वारा शासकीय स्कूलों के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों की मौजूदगी में ग्राम पंचायत रगड़गांव और मोरंड के शासकीय स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े रहीं, जबकि अध्यक्षता प्रभातपट्टन जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंचल पवार ने की। इस अवसर पर बीआरसी आरसी खपरिया, संकुल प्राचार्य धनश्याम आजाद, रमेश गव्हाड़े, ग्राम पंचायत के सरपंच, स्कूलों के शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे।
जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े और बीआरसी आरसी खपरिया ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को शिक्षा संजीवनी अभियान की विस्तार से जानकारी दी। बीआरसी खपरिया ने कहा कि अभियान के तहत आमजन अपनी इच्छा और सामर्थ्य के अनुसार स्कूलों के उपयोग में आने वाली आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर सहयोग कर सकते हैं। जनसहयोग से स्कूलों में बच्चों के लिए शैक्षणिक सामग्री और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से उन दूरदराज के शासकीय स्कूलों तक सुविधाएं पहुंचाना है, जो संसाधनों के अभाव में अपेक्षित सुविधाओं से वंचित हैं। जनभागीदारी के माध्यम से स्कूलों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।




