ईएफए कन्या स्कूल में स्वच्छता अभियान का समापन, छात्राओं को दिलाई शपथ
पोस्टर से भाषण तक, छात्राओं ने स्वच्छता की अलख जगाई

बैतूल। ई.एफ.ए. शा. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल गंज में अगस्त माह के दौरान आयोजित स्वच्छता पखवाड़े का समापन हुआ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत बैतूल के आयोजन में छात्राओं ने व्यापक स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता गतिविधियों और शपथ कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का संदेश दिया।
कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले ने बताया कि अभियान का उद्देश्य छात्राओं में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ भारत के संकल्प को और मजबूत करना है। अभियान के दौरान छात्राओं ने पोस्टर मेकिंग, वॉल पेंटिंग, भाषण, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं के माध्यम से साफ-सफाई एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
निबंध प्रतियोगिता में 78 छात्राओं ने भाग लिया। इसमें यशवी सोनी ने प्रथम, मोनालिका साहू ने द्वितीय और मुक्ता साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में 106 छात्राओं ने सहभागिता की, जिसमें तनिषा पाल प्रथम, आयुषी पाल द्वितीय और आयत फातिमा तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में 41 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें शीतल ढोलेकर प्रथम, रामकली चौहान द्वितीय और प्रिया विश्वास तृतीय रहीं। क्विज प्रतियोगिता में अक्षरा टेकाम ने प्रथम, दिव्या लोखंडे ने द्वितीय और पिंसी हजारे ने तृतीय स्थान हासिल किया।
अभियान के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई भी की गई। सभी प्रतियोगियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प कराया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली को दैनिक आदतों में शामिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन से जुड़ी एक अच्छी आदत है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनाना चाहिए। स्वच्छता से मनुष्य को मानसिक और शारीरिक दोनों रूप से लाभ मिलता है तथा अच्छा स्वास्थ्य जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समापन कार्यक्रम में मेरा युवा भारत बैतूल के कार्यालय सहायक धनंजय सिंह ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अशोक कवड़े एवं करन पंवार का विशेष सहयोग रहा।




