शिवाजी ओपन ऑडिटोरियम में एक साथ जुटे योग साधक, ऑनलाइन जुड़कर किया अभ्यास।
आयुष विभाग और शिक्षा विभाग ने मिलकर कराया सामूहिक योग कार्यक्रम। कलेक्टर ने पहुंचकर व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की ली जानकारी। जिले से 4147 लोगों ने किया ऑनलाइन पंजीयन।

बैतूल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत रविवार 14 जून को जिला प्रशासन और नगर पालिका के सहयोग से आयुष विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा शिवाजी ओपन ऑडिटोरियम में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 6:15 बजे विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और योग साधक एकत्रित हुए तथा ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर योगाभ्यास का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास में सहभागी बने।

कार्यक्रम स्थल पर कलेक्टर ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन की जानकारी प्राप्त की। जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि जिलेभर से 4147 लोगों ने पंजीयन कर ऑनलाइन योगाभ्यास में भाग लिया। इसके अलावा जिले के 17 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 902 लोगों ने एक साथ ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से नर्मदा प्रसाद मिश्रा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। योगाभ्यास का संचालन योग प्रशिक्षक कुमारी पारुल पालीवाल, सागर शिवनकर और श्रीमती गीता पवार ने किया।





