Betul news: एक साल से रुकी थी ईपीएफ की राशि, 40 टोल श्रमिकों के खातों में हुआ 12 महीने का भुगतान

भारतीय मजदूर संघ के प्रयास से टोल श्रमिकों को मिली ईपीएफ भुगतान की सौगात

बैतूल। टोल श्रमिक मजदूर संघ से जुड़े 40 टोल श्रमिकों को विगत एक वर्ष से रुकी हुई ईपीएफ (कर्मचारी भविष्य निधि) की राशि का आखिरकार भुगतान हो गया। यह भुगतान भारतीय मजदूर संघ से संबंधित टोल श्रमिक मजदूर संघ की पहल और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अधिकारियों के सहयोग से संभव हो पाया।

टोल श्रमिक मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं को पिछले एक साल से ईपीएफ की राशि का भुगतान नहीं हो रहा था। इस समस्या को लेकर टोल श्रमिक मजदूर संघ के सदस्यों ने भारतीय मजदूर संघ के पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की प्रदेश स्तरीय सलाहकार समिति के सदस्य श्री मधुकर सांबले से संपर्क किया।

श्री साबले ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए ईपीएफओ के अधिकारी महेश रावत को मामले की जानकारी दी। श्री रावत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कंपनी को निर्देशित किया, जिसके बाद 40 टोल श्रमिकों के खातों में 12 महीने की रुकी हुई ईपीएफ राशि जमा की गई।

इस उपलब्धि के बाद टोल श्रमिकों ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के प्रदेश स्तरीय सलाहकार समिति के सदस्य मधुकर साबले, ईपीएफओ अधिकारी महेश रावत और श्रम पदाधिकारी बैतूल का धन्यवाद प्रेषित किया।

इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष पंजाबराव गायकवाड़, बिजली साख समिति के अध्यक्ष संतोष शिंदे, टोल श्रमिक मजदूर संघ के प्रमुख कार्यकर्ता अरुण साबले, प्रदीप चीकाने, श्याम कौशिक, अशोक कलभोर, दुर्गेश बड़नगर, सुभाष देशमुख और बबलू हिंगवे समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। टोल श्रमिक मजदूर संघ के इस प्रयास से सभी श्रमिकों ने राहत की सांस ली और भारतीय मजदूर संघ के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button