दक्षिण वनमंडल ने प्रत्येक परिक्षेत्र में एक तालाब का चयन कर किया गहरीकरण कार्य

वन विकास से ग्राम विकास की दिशा में कदम बढ़ाते हुए दिया महत्वपूर्ण योगदान

ताप्ती परिक्षेत्र के कोलूढाना गांव में वनमंडलाधिकारी श्री विजयानन्तम टी.आर. की अगुवाई में तालाब गहरीकरण हेतु श्रमदान, पौधा रोपण, और स्वच्छता अभियान का आयोजन
बैतूल। विश्व पर्यावरण दिवस 2024 के उपलक्ष्य में, दक्षिण बैतूल (सा.) वनमंडल अंतर्गत विभिन्न परिक्षेत्रों आमला, ताप्ती, मुलताई, आठनेर, भैसदेही एवं सावलमेंढा में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और वन विकास के माध्यम से ग्राम विकास को प्रोत्साहित करना था।
ताप्ती परिक्षेत्र के वनग्राम कोलूढाना में डीएफओ विजयानन्तम टी.आर. की अध्यक्षता में तालाब गहरीकरण हेतु श्रमदान किया गया। इस अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी, सरपंच, और समस्त क्षेत्रीय वनकर्मचारियों ने वन विकास से ग्राम विकास की दिशा में कदम बढ़ाते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दक्षिण बैतूल वनमंडल ने प्रत्येक परिक्षेत्र में एक तालाब का चयन कर गहरीकरण कार्य किया। इस प्रकार, आमला परिक्षेत्र में ठुठामा तालाब, मुलताई परिक्षेत्र में सीवनपानी तालाब, आठनेर परिक्षेत्र में आमनाला तालाब, भैसदेही परिक्षेत्र में जामूखेड़ा तालाब और सावलमेंढा परिक्षेत्र में मातका तालाब को गहरीकरण हेतु श्रमदान किया गया। आमजनता और क्षेत्रीय वनकर्मचारियों ने मिलकर इन तालाबों की सफाई और गहरीकरण का कार्य किया, जिससे जल संरक्षण और मृदा संरक्षण में सहायता मिलेगी।
— व्यापक जागरूकता अभियान–
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के निर्देशानुसार, 26 मई 2024 से 05 जून 2024 तक विभिन्न पर्यावरणीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में पैदल चाल, साईकिल चाल, जल स्त्रोतो की सफाई, कैम्पस सफाई, वृक्षारोपण, पर्यावरण के प्रति जागरूकता अभियान, बारिश के पानी को रोकना, मृदा संरक्षण कार्य, तथा विद्यालय एवं महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान शामिल थे। इन अभियानों का उद्देश्य समुदाय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव पैदा करना था।
— समर्पण और सहयोग का परिचायक–
इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों ने वनमंडल और स्थानीय समुदाय के समर्पण और सहयोग का प्रतीक प्रस्तुत किया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति इन अभियानों ने क्षेत्र की प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा की, साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक स्वस्थ और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। दक्षिण बैतूल वनमंडल द्वारा आयोजित इस समारोह ने न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई बल्कि सामुदायिक सहभागिता और श्रमदान के माध्यम से ग्राम विकास को भी प्रोत्साहित किया। इस प्रकार, वन विकास से ग्राम विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button