गंज शराब दुकान पर रात 12 बजे के बाद भी जारी है शराब का विक्रय

शिवसेना ने की कलेक्टर से की शिकायत

बैतूल। गंज शराब दुकान के संचालक पर नियमों का उल्लंघन कर देर रात तक अवैध रूप से शराब बेचने का आरोप लगाते हुए शिवसेना जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर से शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि दुकान का शटर बंद कर रात 12 बजे के बाद भी शराब बेची जा रही है, जिससे क्षेत्र में हुड़दंग बढ़ रहा है।

शिवसेना जिला अध्यक्ष ने शिकायत में बताया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार रात 11:30 बजे के बाद शराब बिक्री पर प्रतिबंध है, लेकिन गंज शराब दुकान के संचालक इसके विपरीत काम कर रहे हैं। आरोप है कि शटर बंद कर दुकान के अंदर से शराब बेची जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गंज शराब दुकान के पास स्थित हनुमान व्यायामशाला में बालिकाएं प्रशिक्षण के लिए आती हैं। ऐसे में शराब दुकान से हो रही गतिविधियों के कारण वहां आने वाले लोगों को असुविधा हो रही है। शिवसेना ने मांग की है कि इस दुकान को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है अवैध विक्रय का वीडियो

शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने बताया कि गंज शराब दुकान से देर रात शराब बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। यह साफ दर्शाता है कि दुकान संचालक शासन के दिशा-निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं। शिवसेना ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि जिले में सभी लाइसेंसधारी शराब दुकानों का संचालन शासन के नियमों के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस अवैध गतिविधि से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिवसेना ने इस मामले में कलेक्टर से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि गंज शराब दुकान को रहवासी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित किया जाए। बता दे कि शिवसेना लंबे समय से शराब दुकानों को रहवासी क्षेत्र से बाहर करने की मांग कर रही है, इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। शिवसेना जिला अध्यक्ष ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button