बैतूल के जंगल में टाइगर का शिकार, पांच शिकारी गिरफ्तार

बैतूल। जिले के जंगल में टाइगर का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स मप्र एवं टाइगर स्ट्राइक फोर्स नर्मदापुरम की संयुक्त टीम ने टाइगर के शिकार मामले में पांच शिकारियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की गई है।
शिकारियों ने यह स्वीकार किया है कि टाइगर का शिकार बैतूल के जंगल में किया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जनपद पंचायत जुन्नारदेव जिला छिंदवाड़ा का सरपंच भी शामिल है। सरपंच की निशानदेही पर रविवार को तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।सोमवार को उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच नर्मदापुरम न्यायालय में पेश किया गया। मामले की जांच अब टाइगर स्ट्राइक फोर्स की नर्मदापुरम इकाई को सौंपी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जनवरी को ग्राम भाखरा, थाना दमुआ तहसील जुन्नादेव जिला छिंदवाड़ा से एक आरोपी को टाइगर की खाल सहित गिरफ्तार किया गया था। उस पर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने बताया कि टाइगर के शिकार मामले में कुछ और लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि टाइगर का शिकार बैतूल में किस स्थान पर किया गया था।