ग्रामीणों ने लिया पानी बचाने और जल स्रोत स्वच्छ रखने का संकल्प।
विकासखंड भीमपुर के सेक्टर गुरुवा पिपरिया अंतर्गत ग्राम भीमपुर में हुआ आयोजन।

बैतूल। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर विकासखंड भीमपुर के सेक्टर गुरुवा पिपरिया अंतर्गत ग्राम भीमपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के तहत जल स्रोत पूजन, जल चौपाल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुराने कुओं, हैंडपंपों सहित अन्य जल स्रोतों का पूजन कर ग्रामीणों को जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व, गंगा दशहरा की आध्यात्मिक महत्ता तथा पारंपरिक जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता की जानकारी दी गई। मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई और वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छोटे-छोटे सोख्तापिट गड्ढों का निर्माण किया गया। ग्रामीणों को नदियों, कुओं और बावड़ियों को स्वच्छ रखने तथा पानी बचाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इसके बाद ग्राम में भव्य कलश यात्रा एवं रैली निकाली गई। श्रद्धालुओं ने गंगा मैया की जय, नर्मदा मैया की जय और ताप्ती मैया की जय के जयघोष के साथ पूरे गांव में भक्तिभाव से यात्रा निकाली। रैली चंडी देवी मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच फूल्लोबाई, स्वसहायता समूह सचिव संगीता तुमडाम, विद्या कुमरे, सरोज कुमरे, समिति सदस्य श्रवण कुमार, आशीष धुर्वे, जगदीश कुमरे, पैसा एक्ट से बबली कुमरे तथा नवांकुर संस्था ॐ साईं राम समाज कल्याण समिति भीमपुर से रोहित पचोरिया और मोहित पचोरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कलश यात्रा में शामिल बालिकाएं उपस्थित रहीं।




