दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया की बैठक कल…

बैतूल। दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया जिला बैतूल की बैठक कल दिनांक 5 मार्च गुरुवार को दोपहर 2 बजे पंचशील बुद्ध विहार सदर बैतूल में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रमुख रूप से संविधान निर्माता, भारत रत्न, परम पूज्य डॉ. भीमराव अंबेडकर की 14 अप्रैल को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सामूहिक, गरिमामय और संगठित रूप से मनाई जाने वाली जयंती के संबंध में विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बैठक में जयंती आयोजन की समुचित रूपरेखा तैयार करने, कार्यक्रम निर्धारण, विभिन्न सामाजिक संगठनों की भूमिका तय करने तथा व्यापक सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श होगा। आयोजन को सामाजिक एकता, बौद्धिक चेतना और समता मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला प्रेरणास्पद कार्यक्रम बनाने के उद्देश्य से सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
संस्था द्वारा समस्त सामाजिक संगठनों, बौद्ध उपासक-उपासिकाओं एवं प्रबुद्ध समाजबंधुओं से विनम्र एवं अपेक्षित निवेदन किया गया है कि वे अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित होकर अपने बहुमूल्य विचार एवं सुझाव प्रस्तुत करें, ताकि जयंती समारोह को सफल, प्रभावी और संगठित स्वरूप दिया जा सके।




