CRIME : झांसी की जेल से छूटकर आया भिंड का डिग्गी ट्रेनों से चुरा रहा था मोबाइल

CRIME NEWS : बैतूल। मध्यप्रदेश के बीना, भाेपाल से लेकर आमला के रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेनों में सवार होकर झांसी की जेल से छूटकर आया भिंड का डिग्गी मोबाइल की चोरी कर रहा था। जीआरपी आमला की टीम ने उसे बैतूल के रेलवे स्टेशन पर सस्ते दाम में मोबाइल बेचते हुए पकड़ लिया है। उसके पास से दो लाख रुपये से अधिक कीमत के 12 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
जीआरपी आमला से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले चोर दिग्विजय उर्फ डिग्गी निवासी भिंड को सस्ते दाम पर मोबाइल बेचते हुए पकड़ा। जब उससे पूछताछ की गई तो उसके द्वारा मध्यप्रदेश के बीना, भोपाल, विदिशा, इटारसी, बैतूल और आमला रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेनों में सवार होकर 12 मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया है।
मोबाइल चोरी करने के बाद वह उसके नीलबड़ में स्थित घर में छिपा देता था। जीआरपी के अनुसार आरोपी के खिलाफ तीन अपराध दर्ज हैं। 4 जून 2022 से 15 जून 2023 तक वह एक मामले में झांसी की जेल में कैद था और 15 जून 2023 को जेल से बाहर आने के बाद वह ट्रेनों में चोरी करने लगा था।जीआरपी ने उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेजने के आदेश दिए गए।




