definitely become successful: सफलतम बने ना बने, सफल जरूर बने: बृज आशीष पांडे
श्री बालाजी तकनीकी महाविद्यालय में इंडक्शन प्रोग्राम के तीसरे दिन हुआ विशेष व्याख्यान

बैतूल। श्री बालाजी तकनीकी महाविद्यालय, आठवां मिल में 2 सितंबर से प्रारंभ हुए इंडक्शन प्रोग्राम के तृतीय दिवस में छात्रों को विशेष मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए एक विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान में बैतूल जगरी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक एवं श्रीजी इंडस्ट्री के संचालक, प्रतिष्ठित उद्यमी बृज आशीष पांडे ने छात्रों को भविष्य में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र और उद्यमिता के अवसरों के बारे में प्रेरक विचार साझा किए।
बृज आशीष पांडे ने छात्रों को रोजगार प्राप्त करने के बजाय रोजगार निर्माता बनने की दिशा में प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि किसी भी उद्योग को संचालित करने के लिए आवश्यक प्रायोगिक कार्य चक्र जैसे जमीनी लागत, मशीनी लागत, मजदूरी, निर्माण लागत, व्यावसायिक लागत और अनुमानित आय को समझते हुए, शासकीय नियमों और नीतियों के अनुसार, उद्योग की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सफलतम बने ना बने, सफल जरूर बने, और उद्योग के क्षेत्र में प्रतिष्ठा प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर होने का मार्ग दिखाया।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी. जे. शाह ने भी छात्रों के करियर से संबंधित व्याख्यान दिया। उन्होंने तकनीकी शिक्षा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक विकल्पों और उच्च शिक्षा में जाने के लिए आवश्यक पात्रता परीक्षाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को एमटेक, एमबीए, गेट, कैट जैसी परीक्षाओं के साथ-साथ विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने और रोजगार से जुड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। डॉ. शाह ने व्यक्तिगत वार्ता के माध्यम से सभी छात्रों से उनके सपनों के बारे में प्रश्न पूछे और उनके सपनों को साकार करने के लिए मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रोफेसर अनिरुद्ध दारूडकर और प्रोफेसर रिशु डांगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सिप कोऑर्डिनेटर वी. के. मालवी, प्रोफेसर अंकुर राठौर, प्रोफेसर हंसराज धाडसे, प्रोफेसर संजय खंडेलवाल, प्रोफेसर अंकित खासदेव, अन्य प्राध्यापक और प्रथम वर्ष के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



