बैतूल एकेडमी और पुलिस लीजेंड ने जीते मैच, 66 रनों पर ढेर हुई मुंबई की टीम 

पुलिस लीजेंड और एलबीएस के बीच आज होगा पहला मुकाबला

बैतूल। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम कोठी बाजार में चल रहे स्व.विजय कुमार खंडेलवाल स्मृति में आयोजित टी20 टूर्नामेंट में 3 जनवरी को खेले गए दो मुकाबलों में दर्शकों ने जबरदस्त रोमांच का अनुभव किया। पहले मैच में बैतूल एकेडमी ने सिवनी बनापुरा को हराया, जबकि दूसरे मैच में पुलिस लीजेंड ने पटेल क्लब मुंबई को मात दी।

पहले मैच में सिवनी बनापुरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 20 ओवर में 120 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। सिवनी बनापुरा के बल्लेबाज आदित्य ने 27 रनों की पारी खेली। बैतूल एकेडमी की ओर से गेंदबाज हेमंत, अजय और आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैतूल एकेडमी ने सिर्फ 12 ओवर में ही 121 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। उपदेश ने शानदार 51 रनों की पारी खेली, जबकि शैलेन्द्र ने 29 और कासिफ ने 12 रन बनाए। सिवनी बनापुरा की ओर से रचित, रवि, मनप्रताप और प्रिंस ने 1-1 विकेट लिया। इस मैच में उपदेश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

दूसरे मैच में पुलिस लीजेंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 239 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। पुलिस लीजेंड के भानू ने धमाकेदार शतकीय पारी खेलते हुए 109 रन बनाए। अक्षत ने 27 और आदर्श ने 26 रनों का योगदान दिया। मुंबई के गेंदबाज सिद्धार्थ ने 4 विकेट लिए, जबकि प्रिंस और सुमीत ने 2-2 विकेट चटकाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटेल क्लब मुंबई की टीम 66 रनों पर ही सिमट गई। पुलिस लीजेंड के गेंदबाज आकाश रजावत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके। दिव्यांशु, अजय, भानू, मनोज और आदर्श ने भी 1-1 विकेट लिया। शानदार शतकीय पारी के लिए भानू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

टी20 टूर्नामेंट के सहसचिव अंशित खासकलम ने बताया कि 4 जनवरी को पहला मुकाबला पुलिस लीजेंड और एलबीएस (लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट क्लब) के बीच होगा। दूसरा मैच अलीशा क्लब जम्मू-कश्मीर और बैतूल एकेडमी के बीच खेला जाएगा, जो टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल होगा। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 5 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। टी20 टूर्नामेंट का रोमांच अपने चरम पर है, और सभी टीमें फाइनल में पहुंचने के लिए जी-जान लगा रही हैं। दर्शकों को आने वाले मैचों में और भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button