Betul News : भक्त शिरोमणि कर्मा जयंती आज, शहर में निकलेगी विशाल वाहन रैली
माता के जीवन पर आधारित फिल्म प्रदेश के सिनेमाघर में आज होगी रिलीज

Betul News :बैतूल। साहू समाज की अधिष्ठात्री देवी भक्त शिरोमणी मां कर्मा की जयन्ती आज 5 अप्रैल दिन शुक्रवार को संपूर्ण जिले में साहू समाज द्वारा धूमधाम से मनाई जाएगी। साहू समाज के द्वारा सामूहिक रुप कलश यात्रा, वाहन रैली, यज्ञ, सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भोजन प्रसादी कार्यक्रम का आयोजन होगा। भक्त शिरोमणी कर्मा माता जयन्ती के अवसर पर छत्तीसगढ के डी.एन.साहू के निर्देशन में पापकार्न फिल्म बाम्बे द्वारा निर्मित माताजी के जीवन पर आधारित फिल्म “मेरी मां कर्मा” को प्रदेश के सिनेमाघरों में आज 5 अप्रैल 2024 को एक साथ रिलीज किया जाएगा। जिसके अन्तर्गत कांतिशिवा सिनेप्लेक्स बैतूल एवं सारनी में फिल्म का प्रदर्शन होगा।
स्टार प्रचारकों ने सभी से फिल्म देखने का आग्रह किया। बैतूल नगर के सदर बाजार स्थित श्री पद्मशेष नागदेव मन्दिर में भी साहू समाज समिति सदर बाजार बैतूल द्वारा कर्मा जयन्ती।धूमधाम से सम्पन्न होगी। इसी प्रकार कालापाठा स्थित कर्मा भवन में साहू समाज नगर समिति बैतूल द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सर्व प्रथम विनोबा वार्ड से महिला-मण्डल एवं पुरुष वर्ग की संयुक्त रुप से विशाल वाहन रैली निकालकर नगर भ्रमण किया जाएगा। वाहन रैली विकास नगर, कमानी गेट, थाना रोड होते हुए सदर राम मन्दिर, पंचमुखी शिवमन्दिर गेन्दा चौक होते हुए श्री पद्मशेष नागदेव मन्दिर पहुंचेगी। जहां साहू समाज समिति सदर बाजार बैतूल द्वारा वाहनजनों का अभिनन्दन एवं स्वल्पाहार होगा। इसके बाद वाहन रैली बैतूल गंज होते हुए कर्मा भवन कालापाठा पर समाप्त होगी। वाहन रैली के बाद श्री पद्मशेष नागदेव मन्दिर सदर बाजार एवं काली चट्टान स्थित कर्मा मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
काली चट्टान स्थित कर्मा भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, वरिष्ठजनों, प्रतिभावान बच्चों का सम्मान, वरिष्ठ जनों का समाज के उत्थान एवं आपसी सहयोग की भावना को बढ़ाने संबोधन होगा। कार्यक्रम की समाप्ति पर भक्त शिरोमणी माता कर्मा को प्रिय खिचड़ी का भोग लगाकर भण्डारा प्रसाद सहभोज सम्पन्न होगा। इसके अतिरिक्त शाम 6.30 बजे समाज की संत भक्त शिरोमणी माता कर्मा के जीवन पर आधारित सुविचार एवं फिल्म को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्य मंत्री डॉ मोहन यादव का संबोधन लाइव टेलीकास्ट होगा। जिसे जन सामान्य को एलईडी पर दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ तेल घानी बोर्ड अध्यक्ष रविकिरण साहू उपस्थित रहेंगे।




