Betul news: सेना से सेवानिवृत्त अशोक रघुवंशी निशुल्क ट्रेनिंग से सैकड़ों युवाओं को बना रहे हैं योद्धा

घर-घर से वर्दीधारी बनाने का लिया संकल्प, राष्ट्रभक्ति और युवा सशक्तिकरण की मिसाल

बैतूल। एक ऐसा राष्ट्रभक्त जो बैतूल जिले के हर घर से वर्दीधारी योद्धा बनाने के उद्देश्य से जुटा हुआ है। हम बात कर रहे हैं सेना से सेवानिवृत्त फौजी अशोक रघुवंशी की, जो लगातार बच्चों को निशुल्क ट्रेनिंग देकर उन्हें सेना, पुलिस, रेलवे, और अन्य सरकारी सेवाओं में जाने के लिए तैयार कर रहे हैं। उनके प्रयासों से सैकड़ों बच्चे आज विभिन्न सेवाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं।

फौजी अशोक रघुवंशी पुलिस ग्राउंड बैतूल में प्रतिदिन सुबह 5 से 7 बजे तक युवाओं को फिजिकल ट्रेनिंग दे रहे है। चाहे गर्मी हो, सर्दी हो या बारिश, पूरे साल उनका यह समर्पण जारी रहता है। उनका उद्देश्य बच्चों को राष्ट्र के प्रति जागरूक करना और उन्हें योद्धा बनाने की स्किल देना है। अशोक रघुवंशी का कहना है, “मैंने एक मिशन छेड़ा है – घर-घर से योद्धा। मेरे द्वारा निशुल्क ट्रेनिंग दी जाती है जिससे विगत 2 वर्षों में सैकड़ों युवा आर्मी, पुलिस में जा चुके हैं।” उनके इस समर्पण और प्रयासों के कारण अनेक युवा आज राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं। रघुवंशी के निशुल्क फिजिकल क्लब में बच्चों को फिजिकल फिटनेस, अनुशासन, और आत्मनिर्भरता की ट्रेनिंग दी जाती है। इस ट्रेनिंग के माध्यम से युवाओं में मानसिक दृढ़ता और राष्ट्रभक्ति का भाव भी जागृत होता है। रघुवंशी की भविष्य की योजना है कि वे और अधिक युवाओं को इस मिशन में शामिल करें और उन्हें निशुल्क ट्रेनिंग देकर विभिन्न सरकारी सेवाओं में सफल होने के लिए प्रेरित करें। उनका सपना है कि बैतूल जिले के हर घर से एक वर्दीधारी योद्धा निकले और राष्ट्र की सेवा करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button