RMO Removed : जिला अस्पताल के आरएमओ रानू वर्मा को हटाया, डा रूपेश पद्माकर को सौंपी जिम्मेदारी

RMO Removed : बैतूल। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतों के बाद कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ ने आरएमओ डा रानू वर्मा को हटा दिया है। उनके स्थान पर आरएमओ की जिम्मेदारी डा रूपेश पद्माकर को सौंपी गई है। सीएमएचओ डा. रविकांत उईके ने मीडिया को बताया है कि कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी के निर्देश के बाद सीएस को कहा गया है कि वे आरएमओ का चार्ज डाक्टर रूपेश पद्माकर को दिलाएं।

जिला अस्पताल में सर्पदंश पीड़ित की झाड़ फूंक करने के लिए भगत पहुंच गए थे। इस मामले में शिकायत पर कलेक्टर स्वयं ही अस्पताल पहुंच गए थे। एक मरीज का सीटी स्कैन न हाेने और अन्य मामले लगातार सामने आ रहे थे। शुक्रवार रात एक प्रसूता की मौत का मामला भी सामने आ गया है। लंबे समय से जिला अस्पताल में लापरवाही के कारण मरीजों को हो रही परेशानी की शिकायत प्रशासन को मिल रही थीं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने आरएमओ को हटाने के निर्देश दे दिए हैं।

जिला अस्पताल में आरएमओ के द्वारा तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के अलावा डाक्टरों का रोस्टर तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाता है। अस्पताल की सारी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी, साफ-सफाई व्यवस्था, भोजन शाला की देखरेख का कार्य भी सिविल सर्जन के मौजूद न होने पर आरएमओ को संभालने होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button