रसोई गैस के दाम बढ़ाकर भाजपा ने गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर डाला डाका: अनुराग मिश्रा।

गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर केंद्र सरकार ने महंगाई का बोझ बढ़ाया।

बैतूल। रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस सेवा दल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष अनुराग मिश्रा ने आरोप लगाया है कि रसोई गैस के दाम बढ़ाकर भाजपा ने गरीब और मध्यम वर्ग की रसोई पर सीधा डाका डाला है और महंगाई का नया बोझ जनता पर डाल दिया है।

अनुराग मिश्रा ने जारी बयान में कहा कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी कर केंद्र की भाजपा सरकार ने एक बार फिर देश की गरीब, मध्यम वर्गीय और मेहनतकश जनता को महंगाई की मार के नीचे दबा दिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब खुद केंद्र सरकार और इंडियन आयल कॉरपोरेशन यह स्पष्ट कर चुके हैं कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है।

अनुराग मिश्रा ने कहा कि इंडियन आयल कॉरपोरेशन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को भी खारिज किया है, जिनमें देश में ईंधन की कमी का दावा किया जा रहा था। कॉरपोरेशन ने इन खबरों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया और कहा कि देश के पास कई स्रोतों से पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति उपलब्ध है, जो किसी भी संभावित बाधा से कहीं अधिक है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और सप्लाई भी पर्याप्त है तो फिर रसोई गैस की कीमतों में यह बढ़ोतरी क्यों की गई। अनुराग मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने और जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है।

अनुराग मिश्रा ने कहा कि रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमत को तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पर्याप्त तेल, गैस और उर्वरक उपलब्ध कराने में भी लाचार नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति भी विफल साबित हो रही है और भारत की अमेरिकी ट्रेड डील का असर भी अंततः देश की जनता को ही भुगतना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button