मुलताई के सरकारी अस्पताल में कर्मा जयंती पर जन्म लेने वाली कन्याओं को मिलेंगे चांदी के आभूषण ::
14 मार्च दिन शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई में होगा कर्मा जयंती समारोह |

बैतूल। अखिल भारतीय साहू वैश्य महासभा दिल्ली एवं युवा साहू समाज सेवा संगठन जिला बैतूल के तत्वाधान में 14 मार्च दिन शनिवार को साहू समाज की अधिष्ठात्री देवी भक्त शिरोमणि मां कर्मा जयंती समारोह का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई में दोपहर 1 बजे से आयोजित किया जाएगा। अखिल भारतीय साहू वैश्य महासभा दिल्ली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रहलाद साहू,राष्ट्रीय प्रचार मंत्री महेश नायक राष्ट्रीय संगठन मंत्री गोपाल साहू ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर साहू समाज द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सम्मान पर आधारित कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे। श्री साहू ने बताया कि भक्त शिरोमणि मां कर्मा जयंती 14 मार्च दिन शनिवार को मुलताई के सरकारी अस्पताल में भक्त शिरोमणि मां कर्मा जयंती पर जन्म लेने वाली कन्याओं को चुनरी भेंट की जाएगी । कन्याओं की माताओं को मिठाईयां खिलाकर पुष्प वर्षा कर चांदी के आभूषण उपहार में दिए जाएंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रहलाद साहू ने समाज के लोगों से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।




