Dogs create panic in Suyog Colony: सुयोग कॉलोनी में कुत्तों का आतंक
घर के बाहर खड़े युवक को काटा, नपा सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

बैतूल। सुयोग कॉलोनी विकास नगर बैतूल में पालतू और आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को लेकर आवेदक राजेश यादव ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। राजेश यादव ने अपने ज्ञापन में लिखा है कि 22 नवंबर को उनके घर के ठीक सामने एक कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और उनके हाथ में काट लिया। कुत्ते के गले में चैन भी थी, लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई कि वह कुत्ता किसी का पालतू था या फिर आवारा घूम रहा था।
राजेश यादव ने सीएमओ से निवेदन करते हुए कहा है कि सुयोग कॉलोनी में लगातार बढ़ रहे कुत्तों के आतंक से कॉलोनी के लोग दहशत में हैं और कभी भी किसी बड़ी घटना की संभावना बनी रहती है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से आग्रह किया है कि क्षेत्र में घूम रहे पालतू एवं आवारा कुत्तों की तत्काल पकड़धकड़ कराई जाए, ताकि सुयोग कॉलोनी में सुरक्षित माहौल बन सके।





