क्रिकेट में ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे तेजस सोनारे
शिवपुरी जिला टीम और ग्वालियर संभाग में बनाई जगह

बैतूल। जिले के प्रतिभावान छात्र शिखर उर्फ तेजस सोनारे ने क्रिकेट जगत में अपनी मेहनत, लगन से उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। तेजस सोनारे ने पहले शिवपुरी जिला क्रिकेट ट्रायल में क्वालीफाई कर जिला शिवपुरी की क्रिकेट टीम में स्थान बनाया, इसके बाद खेलों एमपी यूथ गेम में ग्वालियर संभाग की टीम में चयनित होकर बैतूल और अपने परिवार का मान बढ़ाया।
16 वर्षीय तेजस सोनारे ने पढ़ाई के साथ क्रिकेट को पूरा समय देते हुए निरंतर अभ्यास किया। उन्होंने शिवपुरी जिले की यूनिक क्रिकेट अकादमी में कोच हेमंत झा के सानिध्य में प्रशिक्षण शुरू किया और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहे। इस सफलता में उनके माता-पिता का विशेष योगदान रहा।
तेजस सोनारे के पिता डॉ. मनोज सोनारे, निवासी ग्राम राठीपुर जटाशंकर ने बताया कि उन्होंने बेटे को आठ वर्ष की आयु से ही नियमित कोचिंग दिलाना शुरू किया और स्वयं सुबह-शाम ग्राउंड ले जाकर अभ्यास कराया। दादाजी शिवरतन सोनारे की प्रेरणा से परिवार में आगे बढ़ने की परंपरा रही है। डॉ. मनोज सोनारे का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों की रुचि पहचानकर उन्हें पूरा सहयोग देना चाहिए। तेजस सोनारे का सपना क्रिकेट में ऊंचाइयों तक पहुंचकर जिले, राज्य और देश का नाम रोशन करना है।




