ग्राम कोटवार पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर, एसपी से की शिकायत।
थाना मोहदा में शिकायत दर्ज नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी।

बैतूल। वन अधिकार से जुड़ी जमीन की जुर्माना रसीद नहीं मिलने और पैसे की मांग किए जाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत की है। शिकायत में जबरसिंग पिता फकीरा गोंड के नाम की वन भूमि से संबंधित रसीद को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता छतरसिंग पिता जबरसिंग गोंड ने बताया कि कोटवार ने पट्टा बनवाने के नाम पर जुर्माना रसीद अपने पास रख ली थी। कुछ समय बाद जबरसिंग की मृत्यु हो गई और उसके बाद वन अधिकार सूची में उसके पुत्र उत्तरसिंग पिता जबरसिंग का नाम दर्ज पाया गया। ग्राम सभा में जमीन के कब्जा प्रमाण की मांग की गई तो बताया गया कि रसीद रामकिशोर के पास है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार फोन से संपर्क करने के बावजूद रसीद नहीं दी जा रही और जुर्माना रसीद देने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब जुर्माना रसीद दी जा रही थी, उस समय जबरसिंग पिता फकीरा, रतन पिता जबरसिंग और छतरसिंग पिता जबरसिंग भी मौजूद थे। वहीं थाना मोहदा में शिकायत दर्ज नहीं होने की बात भी आवेदन में कही गई है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी से वन अधिकार से संबंधित जुर्माना रसीद दिलाने तथा पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।




