Betul news: सरकारी आयुर्वेद चिकित्सालयों में 226 बच्चों को पिलाई गई स्वर्णप्राशन औषधि, अगले महीने की तिथि 7 जुलाई 2024
टिकारी और गर्ग कॉलोनी में स्वर्णप्राशन अभियान सफल

बैतूल। शासकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय टिकारी और शासकीय आयुर्वेद औषधालय गर्ग कॉलोनी में स्वर्णप्राशन अभियान के तहत कुल 226 बच्चों को स्वर्णप्राशन औषधि पिलाई गई। अगले महीने स्वर्णप्राशन का आयोजन 7 जुलाई 2024 को होगा।
शासकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय टिकारी में कुल 205 बच्चों को स्वर्णप्राशन औषधि पिलाई गई। इस अभियान में बच्चों के माता-पिता ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रति अपने विश्वास को व्यक्त किया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. उल्लास जाधव ने बताया कि स्वर्णप्राशन से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार होता है और यह उनकी मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है। शासकीय आयुर्वेद औषधालय गर्ग कॉलोनी में 21 बच्चों को स्वर्णप्राशन औषधि पिलाई गई। डॉ. जाधव ने बताया कि इस प्रकार के अभियान बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं और आने वाले समय में और भी अधिक बच्चों को इस अभियान से जोड़ा जाएगी। उन्होंने बताया आगामी स्वर्णप्राशन तिथि 7 जुलाई 2024 को निर्धारित की गई है। इस दिन फिर से दोनों स्थानों पर बच्चों को स्वर्णप्राशन औषधि पिलाई जाएगी। चिकित्सालय के अधिकारियों ने अधिक से अधिक माता-पिता से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। इस अभियान में डॉ रीना चौकीकर (एम. डी. शालाक्य तंत्र) डॉ. योगेश चौकीकर (एमडी. बालरोग), डॉ नरेन्द्र बढ़ोरे (एम.डी. पंचकर्म) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उल्लेखनीय है कि यह स्वर्णप्राशन अभियान बच्चों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। समाज में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी एक उत्कृष्ट प्रयास है। स्वर्णप्राशन आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे बच्चों की इम्युनिटी को बढ़ाने, उनकी मानसिक और शारीरिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए उपयोग किया जाता है। स्वर्णप्राशन में स्वर्ण भस्म के साथ कई आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों का मिश्रण होता है, जो बच्चों के समग्र स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है।




