बर्राढाना पहुंचकर आयोग सदस्य मंगल सिंह धुर्वे ने दिए त्वरित सहायता के निर्देश।

धारा 10 के तहत पीड़ितों की हुई सुनवाई।

बैतूल। भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाशिंदा अंतर्गत बर्राढाना में हुई भीषण आगजनी के बाद शुक्रवार को पूरा प्रशासनिक अमला हरकत में दिखाई दिया। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे धारा 10 के तहत विशेष दौरे पर सीधे घटना स्थल पहुंचे और आग से तबाह हुए परिवारों के बीच पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। राख में तब्दील घरों, बिखरे घरेलू सामान और बेघर हुए परिवारों के बीच पहुंचे आयोग सदस्य ने राहत शिविर में पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

आगजनी की इस त्रासदी के बाद बर्राढाना में दिनभर राहत, पुनर्वास और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। आयोग सदस्य ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और सभी प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए। मौके पर प्रभावित बच्चों के लिए किताब, कॉपी और स्कूल बैग उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी करवाई गई, ताकि आग की इस त्रासदी के बीच उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

धारा 10 के तहत हुए इस विशेष दौरे को प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोग द्वारा सीधे गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से चर्चा करना और अधिकारियों की मौजूदगी में राहत व्यवस्थाओं की समीक्षा करना यह संकेत दे रहा है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। गांव में लगाए गए राहत शिविर में पीड़ित परिवारों ने अपनी समस्याएं और नुकसान की जानकारी भी आयोग सदस्य के समक्ष रखी।

घटना स्थल पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, भैंसदेही एसडीएम अजीत मरावी, तहसीलदार बसंत बर्खानिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरण, पुनर्वास और अन्य सहायता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

इस दौरान भाजपा सरकार की ओर से यह संदेश भी दिया गया कि संकट की इस घड़ी में सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और पुनर्वास कार्य पूरी संवेदनशीलता के साथ किए जाएंगे। आगजनी के बाद बर्राढाना में आयोग, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त सक्रियता ने पूरे मामले को जिले की बड़ी प्रशासनिक घटनाओं में शामिल कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button