11 वर्ष से हर दिन अखबार छापकर उसी दिन पाठकों तक खबर पहुंचाने में कामयाब सांझवीर: हेमंत…

सांझवीर टाईम्स के प्रतिष्ठा अलंकरण समारोह में जिले की 22 विभूतियां सम्मानित..

 

बैतूल। प्रतिदिन अखबार निकालना अपने आप में चुनौती है और उसी दिन की खबर उसी दिन पाठकों तक पहुंचाना उससे भी बड़ा दायित्व। इन चुनौतियों को स्वीकार करते हुए सांध्य हिंदी दैनिक सांझवीर टाइम्स ने लगातार 11 वर्ष पूरे किए हैं और जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को होटल आभाश्री के सामने वृंदावन गार्डन में आयोजित सांझवीर टाइम्स के प्रतिष्ठा अलंकरण समारोह में कही। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उइके, जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार और नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर उपस्थित रहे।

चुनौतियों के बीच स्थापित किया स्थान

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि समाचार पत्र निकालने वाले को अच्छे कार्य के साथ आलोचनाओं और बुराइयों का भी सामना करना पड़ता है। सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली विभूतियों को मंच देकर सम्मानित करना सराहनीय पहल है। कई लोग निरंतर समाजसेवा करते हैं, लेकिन उनका नाम सामने नहीं आता। ऐसे लोगों को पहचान देकर सम्मानित करना समाज को प्रेरणा देने वाला कदम है। उन्होंने सांझवीर टाइम्स के 11 वर्ष पूर्ण होने पर प्रकाशक-संपादक पंकज सोनी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

 

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके ने कहा कि सांझवीर टाइम्स अपनी मुखर लेखनी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है। प्रतिदिन अखबार निकालना साधारण कार्य नहीं है, लेकिन पंकज सोनी के नेतृत्व में यह समाचार पत्र निरंतर उन्नति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अखबार ने आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है और समाज तक प्रेरणादायक संदेश पहुंचाया है। 11 वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

– सटीक एग्जिट पोल से बनी विश्वसनीयता

जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर ने कहा कि खबरों के मामले में सांझवीर टाइम्स ने अपनी अलग पहचान बनाई है। चुनाव के समय सटीक एग्जिट पोल देकर इसने विश्वसनीयता स्थापित की है। बड़े-बड़े मीडिया संस्थानों के एग्जिट पोल जहां असफल रहे, वहां सांझवीर के आंकड़े परिणामों के करीब रहे। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज को दिशा देने का कार्य करता है। स्वयं को सम्मानित किए जाने पर उन्होंने इसे गर्व का विषय बताया।

– विभूतियों को मंच देने का उद्देश्य

सांझवीर टाइम्स के प्रकाशक-संपादक पंकज सोनी ने कहा कि प्रकाशन के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस उपलब्धि को यादगार बनाने का निर्णय लिया गया। जिले के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र से कई ऐसी विभूतियां हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और प्रादेशिक स्तर पर नाम रोशन किया, लेकिन उन्हें मंच नहीं मिला। इसी उद्देश्य से सांझवीर प्रतिष्ठा अलंकरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सम्मानित विभूतियों का लघु वीडियो एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित कर उनके कार्यों से उपस्थितजनों को अवगत कराया गया।

– 22 विभूतियां हुईं सम्मानित

समारोह में कुल 22 विभूतियों को सांझवीर प्रतिष्ठा अलंकरण से सम्मानित किया गया। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरणविद और पद्मश्री मोहन नागर, प्राकृतिक प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता तरूण वैध, लाडो फाउंडेशन के अनिल यादव, राष्ट्ररक्षा समिति-ऑटो एंबुलेंस की गौरी बालापुरे, बालिका शिक्षा और भिक्षावृत्ति उन्मूलन से जुड़ी रेखा गुजरे, राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी की कविता मालवीय, ओझाढाना के 200 बच्चों को शिक्षा देने वाली प्राचार्य जयश्री शाह, दोनों आंखों से नेत्रहीन शिक्षक रूपेश मानकर, भारतीय नेत्रहीन महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर दुर्गा येवले, सक्रिय समाजसेवी और रक्तदाता सतीश पारख, जिला चिकित्सालय में 12 माह पौष्टिक आहार वितरण करने वाली संस्था अंकुरित आहार परिवार, 8 वर्षों में 3 हजार सर्पों का रेस्क्यू करने वाले सर्प विशेषज्ञ विशाल विश्वकर्मा, गणित और अंग्रेजी में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के ओलंपियाड में सफलता दिलाने वाले निरंजन विश्वास, वरिष्ठ नागरिक संगठन से जुड़े और हजारों मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने वाले केके पांडे, कैंसर से जंग जीतकर सामाजिक और खेल गतिविधियों में सक्रिय हेमंतचंद्र बबलू दुबे, देशभर के कैंसर रोगियों को नि:शुल्क औषधि उपलब्ध कराने वाले कान्हावाड़ी के बाबूलाल भगत, सेना और अग्निवीर भर्ती के लिए सैकड़ों आदिवासी विद्यार्थियों को नि:शुल्क प्रशिक्षण देने वाले पवन अहाके, मुंबई में फिल्म निर्माता-निर्देशक करण कश्यप, रेलवे स्टेशन और फुटपाथों पर रहने वाले जरूरतमंदों को प्रतिदिन भोजन कराने वाले रोटी परिवार के आरके विजयकर तथा 90 बार रक्तदान करने वाले रक्तवीर मोईज फाकरी शामिल हैं।

– सहयोगियों और सर्वेक्षकों का भी सम्मान

कार्यक्रम में जिले की पत्रकारिता में पीएचडी करने वाले पहले पत्रकार डॉ मयंक भार्गव को विशेष अलंकरण प्रदान किया गया। इसके साथ ही अखबार को निरंतर सहयोग देने वाले 22 सहयोगियों को सांझवीर सहयोग रत्न अलंकरण दिया गया। विधानसभा और निकाय चुनाव में दूरस्थ अंचलों तक सटीक एग्जिट पोल पहुंचाने वाले लगभग 23 सर्वेक्षकों को भी सहयोग रत्न से नवाजा गया। अखबार के 12वें वर्ष में प्रवेश पर सांझवीर की बैतूल टीम और क्षेत्रीय संवाददाताओं का भी सम्मान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button