जल गंगा अभियान में 16 कुओं की सफाई शुरू।
3 पुराने कुओं का जीर्णोद्धार, बाकी पर काम जारी।

बैतूल। विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगरपालिका बैतूल द्वारा नगर के पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर के कुल 16 कुओं को चिन्हित कर उनकी साफ-सफाई का कार्य शुरू किया गया है। इनमें से 3 पुराने और जर्जर हो चुके कुओं का जीर्णोद्धार पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष कुओं पर कार्य प्रगति पर है।
नगरपालिका के अनुसार यह पहल जल संरक्षण और भूजल स्तर को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कुएं नगर की ऐतिहासिक धरोहर के साथ ही वर्षा जल संचयन के लिए भी प्रभावी माध्यम हैं। यदि वर्षा का पानी व्यवस्थित रूप से इन कुओं में डाला जाए तो इससे ग्राउंड वाटर रिचार्ज में काफी मदद मिल सकती है, जिससे भविष्य में जल संकट को कम किया जा सकेगा।
नगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। कुओं में कचरा, प्लास्टिक या अन्य अपशिष्ट न डालें और आसपास गंदगी न फैलाएं। प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है और नगर के जल स्रोतों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा।




