सेवा से ही आता है सकारात्मक परिवर्तन: प्रो.शंकर सातनकर 

ग्राम सिमोरी में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन

बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस जयवंती हाक्सर शासकीय महाविद्यालय बैतूल की राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई द्वारा कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर शंकर सातनकर के नेतृत्व में ग्राम सिमोरी में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रातःकालीन एवं बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

शिविर अंतर्गत जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पॉलिथीन मुक्त भारत अभियान, डिजिटल जागरूकता, पौधारोपण तथा नल-जल योजना के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर परियोजना कार्य संचालित किए गए। स्वयंसेवकों ने ग्राम भ्रमण, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और जागरूकता रैली के माध्यम से ग्रामीणों को प्रेरित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं बौद्धिक सत्रों में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे शिविर को व्यापक समर्थन मिला।

कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर शंकर सातनकर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य सेवा कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन भी लाना है। उन्होंने कहा कि ग्राम सिमोरी में विद्यार्थियों ने अनुशासन, श्रमदान और जनजागरण के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

समापन अवसर पर सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, ग्रामीणजन, श्री बडौदे एवं अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया।

– गांव में दिखाई देने लगा सकारात्मक परिवर्तन

ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का आग्रह किया और कहा कि उनके प्रयासों से गांव में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देने लगा है।

इस अवसर पर श्री बडौदे ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस समर्पण के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता का संदेश दिया है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने महाविद्यालय की टीम से भविष्य में भी गांव आकर विकास कार्यों में मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया। अंत में सभी स्वयंसेवकों, ग्रामवासियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ शिविर का औपचारिक समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button