सरस्वती विद्या मंदिर में हुआ वार्षिकोत्सव, शहर की ब्रांड एम्बेसेडर श्रीमती नेहा गर्ग हुईं शामिल

बैतूल। साल भर में हर विद्यार्थी को अपने विद्यालय में वार्षिकोत्सव का इंतजार रहता है। क्योंकि इस कार्यक्रम के माध्यम से वह अपनी प्रतिभा का सार्वजनिक प्रदर्शन कर पाते हैं। इसी कड़ी में स्व. जवानमल परमेश्वरी देवी सोनी स्मृति सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाड़ाघाट में भी वार्षिकोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आनंदधाम के सचिव अजय भार्गव, अध्यक्षता ब्रांड एम्बेसेडर श्रीमती नेहा गर्ग, विशेष अतिथि राजा साहू, हरीश गढेकर, विनय डोंगरे एवं मुख्य वक्ता के रूप में अमृतलाल सोनी शामिल हुए।
कार्यक्रम में नर्मदापुरम विभाग समन्वयक सौरभ उपाध्याय, कालापाठा सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य संजय उपाध्याय, समाजसेवी एवं आनंदधाम की सदस्य श्रीमती बिंदू मालवीय भी उपस्थित रही। कार्यक्रम में फैंसी ड्रेस, नाटक, गायन, समूह गान सहित अन्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अतिथियों सहित अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुति की मुक्त कण्ठ से सराहना की।
अतिथियों ने आर्शीवचन के रूप में सभी विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि ऐसे कार्यक्रमों से ही बच्चों की प्रतिभा निखरकर सामने आती है एवं उनका प्राणिक, मानसिक और बौद्धिक विकास संभव होता है एवं जितनी शिक्षा जरूरी है उतना ही विद्यार्थियों को खेलकूद, सांस्कृतिक, रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रीति बाथरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।





