बैतूल में संघ की शताब्दी पर आधारित फिल्म शतक का हुआ विशेष प्रदर्शन::

कांतिशिवा छवि गृह में दिखाई गई संघ की 100 वर्ष की यात्रा पर बनी फिल्म।

बैतूल। कांतिशिवा छवि गृह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की गौरवगाथा पर आधारित फिल्म शतक का विशेष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से स्वयंसेवक, संघ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और अनेक गणमान्य नागरिक अपने परिवार सहित उपस्थित रहे।

देशभर में 20 फरवरी को प्रदर्शित हुई इस फिल्म में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा, संगठनात्मक विकास, सेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को पहली बार बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया गया। फिल्म में संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन के प्रेरणादायी प्रसंग, उनके त्याग, दूरदृष्टि और संगठन निर्माण की भावना को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है।

कार्यक्रम से पूर्व नगर के सभी बस्ती प्रमुखों से संपर्क कर आयोजन की जानकारी दी गई। बस्ती प्रमुखों ने अपने क्षेत्रों के स्वयंसेवकों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें परिवार सहित शामिल होने के लिए प्रेरित किया, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही।

सिनेमा हॉल में प्रवेश के दौरान सभी अतिथियों और स्वयंसेवकों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

फिल्म प्रदर्शन के दौरान समय-समय पर भारत माता की जय के उद्घोष गूंजते रहे। दर्शकों ने संघ के विभिन्न कालखंडों, सेवा कार्यों, सामाजिक समरसता के प्रयासों और राष्ट्रीय चेतना के विस्तार को प्रभावशाली बताया।

फिल्म समाप्ति के बाद स्वयंसेवकों ने संघ प्रार्थना की। उपस्थित नागरिकों ने आयोजन को अनुशासन और राष्ट्रभाव से परिपूर्ण बताते हुए इसे प्रेरणादायी बताया। नगर में आयोजित यह प्रदर्शन संघ के शताब्दी वर्ष की यात्रा को समझने और नई पीढ़ी तक उसके विचार पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button