लो वोल्टेज से जूझते किसान पहुंचे विद्युत वितरण केंद्र, घंटों इंतजार के बाद भी नहीं पहुंचे अधिकारी।

रिकॉर्ड में दर्ज नहीं ट्रांसफार्मर, अघोषित कटौती से त्रस्त किसानों ने दिया ज्ञापन ।

 

बैतूल। आमला तहसील अंतर्गत बोरदेही विद्युत वितरण केंद्र से जुड़े ग्राम हरण्या, भयावाड़ी एवं घाटावाड़ी के किसानों ने लंबे समय से जारी बिजली संकट को लेकर किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी के नेतृत्व में सहायक अभियंता, विद्युत वितरण कंपनी बोरदेही पहुंचकर विरोध जताया। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में लो वोल्टेज, जले हुए एवं खराब ट्रांसफार्मरों तथा ओवरलोड ट्रांसफार्मरों के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित बनी हुई है, जबकि बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

किसानों ने गंभीर आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा लगाए गए कई ट्रांसफार्मर आज तक बिजली कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हैं, जिसके कारण उनके खराब या जलने की स्थिति में प्रतिस्थापन नहीं हो पा रहा है। इस वजह से क्षेत्र में लो वोल्टेज की भारी समस्या बनी हुई है और किसानों की फसलें संकट में हैं।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज किसानों ने विद्युत कंपनी के प्रति रोष व्यक्त किया।

किसानों ने मांग रखी कि जले हुए एवं खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए, लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा अघोषित विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि समय पर सिंचाई हेतु पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो सके।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से राजेश यादव, तुलसीराम यदुवंशी, शंकर रघुवंशी, नितेश साहू, दिलीप यादव, अरुण यादव, दिलीप पंडोले, जीवन वाईकर, सुरेश साहू, मोहन यादव, धनवान यादव, देवचंद साहू, कमलेश यादव, हाजी सफी कुरैशी, इरफान खान, भारत यादव, गुड्डू यादव, ललित सूर्यवंशी, राजकुमार यदुवंशी, शिव किशोर यादव, विजय खातरकर, किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी, किसान संघर्ष समिति के सचिव बबलू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button