Accused arrested with illegal teak: दो अलग-अलग मामलों में अवैध सागौन के साथ आरोपी गिरफ्तार, दक्षिण वन मंडल ने की सख्त कार्रवाई

बैतूल। दक्षिण वनमंडल के सावलमेंढा वन परिक्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान वन विभाग ने अवैध सागौन के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। वनमंडलाधिकारी दक्षिण बैतूल विजयानन्तम टी.आर. और उपवनमंडलाधिकारी भैंसदेही (सा.) देवानन्द पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी मानसिंग परते के निर्देशन में साकली वृत्त के गश्ती दल ने ग्राम पिपलदरी से गोखलापूर मार्ग पर 16 नग अवैध सागौन की लकड़ी बरामद की। यह लकड़ी 0.304 घन मीटर माप की थी, जिसका बाजार मूल्य लगभग 17,108 रुपए आंका गया है।
इस मामले में आरोपी अब्दुल रहमान मोहम्मद शमी, निवासी ब्राम्हानवाड़ा को हिरासत में लिया गया है, और उससे पूछताछ जारी है। इसी दिन एक अन्य प्रकरण में गश्ती दल ने विश्रोडी गांव के पास पूर्णा डेम किनारे एक पतवार नाव में छिपाई गई 11 नग अवैध सागौन की लकड़ी बरामद की। यह लकड़ी 0.155 घन मीटर माप की थी, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 7,350 रुपए है। हालांकि, इस मामले में आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इस पर वन अपराध प्रकरण के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। इन कार्रवाइयों में वनरक्षक उत्सव मालवीय, दीनदयाल खोजी, अविनाश डाबर और सुरक्षा श्रमिक भूता चिल्हाटे व रमेश चिल्हाटे का विशेष योगदान रहा।




