पहला सुख निरोगी काया के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहा आयुष विभाग

आयुष जन स्वास्थ्य कार्यक्रम से जिले में बढ़ी स्वास्थ्य जागरूकता। आयुष्मान आरोग्य मंदिर बैतूल बाजार में नागरिकों व विद्यार्थियों को दी जा रही जानकारी। फरवरी में 845 लोग हुए लाभान्वित: डॉ. योगेश चौकीकर

बैतूल। जिले में आयुष विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित आयुष जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर बैतूल बाजार द्वारा नागरिकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को आयुष चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पहला सुख निरोगी काया के सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जिले के विभिन्न विकासखंडों में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनोज वर्मा एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. रैना कासदे के मार्गदर्शन में जन-जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के संचालन में होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार मोहने, डॉ. प्रीतिबाला पाटनकर, डॉ. राजेश जाधव तथा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीता महादुले, डॉ. शारदा मोरे और डॉ. अतुल राय की सक्रिय भूमिका रही।

वर्तमान में संचालित कार्यक्रम के अंतर्गत आयुष पद्धति के चिकित्सकों द्वारा स्कूलों में कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को आयुर्वेद के माध्यम से दिनचर्या, ऋतुचर्या, योगाभ्यास, प्राणायाम, स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी जा रही है। साथ ही बदलते पर्यावरण, बढ़ते स्क्रीन टाइम और आधुनिक जीवनशैली से होने वाले रोगों से बचाव के लिए आयुष उपचार पद्धति और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के उपाय सिखाए जा रहे हैं। वृद्धजनों के लिए वयोमित्र, बेहतर संतति के लिए सुप्रजा तथा वर्तमान परिवेश के कारण उत्पन्न हो रही अस्थि एवं पेशियों की समस्याओं से बचाव के संबंध में भी आमजन और वरिष्ठ नागरिकों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि फरवरी माह में चल रहे इस कार्यक्रम के अंतर्गत आयुर्विधा के 640, मस्कुलो स्केलेटल डिसॉर्डर के 71, वयोमित्र के 90 और सुप्रजा के 45 इस प्रकार कुल 845 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है। आयुष विभाग के समस्त अधिकारी और कर्मचारी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में निरंतर जुटे हैं तथा आमजन से कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button