केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थी पहुंचे वृद्धाश्रम व शिशु संस्थान।

वृद्धजनों को तिलक लगाकर लिया आशीर्वाद, दो कूलर सहित आवश्यक उपयोगी सामान संस्थानों को किया भेंट । स्काउट-गाइड विद्यार्थियों, शिक्षकों व अभिभावकों ने मिलकर निभाई सहभागिता।

बैतूल। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैतूल में गुरुवार 26 मार्च को दुर्गाष्टमी के अवसर पर सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य आर. एन. पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राचार्य, स्टाफ, अभिभावक और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विद्यालय परिवार ने सेवा भारती द्वारा संचालित आनंद धाम वृद्धाश्रम बैतूल और मातृ छाया शिशु संस्थान दादावाड़ी का भ्रमण किया। वृद्धाश्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बुजुर्गों को तिलक लगाकर उनका आशीर्वाद लिया और दो कूलर, 50 लीटर की स्टील पानी की टंकी, प्रेशर कुकर तथा बर्तन स्टैंड भेंट किया।

इसके बाद शिशु संस्थान में जरूरतमंद बच्चों को कपड़े, कॉपियां, पुस्तकें, क्रेयॉन कलर्स और पेंसिल बॉक्स सहित अन्य सामग्री वितरित की गई, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

कार्यक्रम में शिक्षक तपन श्रीवास्तव, अर्पिता हजारे, सीमा साहू और स्काउट गाइड शिक्षक गयादीन बनखेड़े सहित अन्य शिक्षकों का योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने ऐसे सामाजिक कार्य आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया और दोनों संस्थानों के प्रबंधन की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button